भाजपा के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के ट्विटर अकाउंट के एक स्क्रीन शाट ने बुधवार को इंटरनेट मीडिया पर हलचल मचा दिया। लालू की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल को मौका मिल गया और राजद समर्थक इस पर खूब चुटकियां लेने लगे। मामला राजद के ही एक ट्वीट को लाइक करने का है। राजद ने बिहार में भाजपा कोटे से मौजूदा उप मुख्यमंत्री रेणु देवी पर आरोप लगाते हुए एक ट्वीट किया था। इस ट्वीट पर सुशील मोदी के वेरिफाइड ट्विटर अकाउंट से लाइक मिलते ही राजद समर्थकों की बांछें खिल गईं। हालांकि मामला हाइलाइट होते ही यह लाइक हटा लिया गया, लेकिन तब तक स्क्रीन शाट वायरल हो चुका था।
सुशील मोदी बिहार में भाजपा के वरिष्ठतम सदस्यों में हैं। वे जनसंघ के काल से इस पार्टी से जुड़े हुए हैं। ऐसे में अपनी पार्टी की विधायक और उप मुख्यमंत्री के खिलाफ ट्वीट को उनके अकाउंट से लाइक किया जाना हादसा ही माना जा रहा है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि यह घटनाक्रम चूक की वजह से हुआ, लेकिन विपक्ष को तो मजे लेने का मौका मिल ही गया है।
उपमुख्यमंत्री रेणु देवी के भाई से जुड़ा एक वीडियो शेयर करते हुए राजद ने उनकी आलोचना की थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि उनका भाई सत्ता की ताकत पाकर लोगों को परेशान करता है। हालांकि इस मामले में उप मुख्यमंत्री ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि उनका इस भाई से पिछले कई वर्षों से रिश्ता नहीं है। उन्होंने यहां तक कहा कि उसकी शिकायत आने पर उन्होंने खुद ही प्रशासन को कार्रवाई के लिए कहा था।