बांका के कटोरिया थाना क्षेत्र के सूइया रोड स्थित पासी टोला में गली विवाद को लेकर एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान तेजनारायण चौधरी के पुत्र कपिल चौधरी (28 वर्ष) के रूप में की गई है। इधर, घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक का शव उसके घर के पीछे से बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया। शनिवार को कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कर शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया। मृतक की पत्नी खुशबू देवी के फर्द बयान पर धनेश्वरी देवी उसके पुत्र टुनटुन साह, बहू सुषमा देवी सहित सात नामजद पर प्राथमिकी दर्ज हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर धनेश्वरी देवी, उसके बेटे टुनटुन और बहू सुषमा को गिरफ्तार कर लिया।
26 जून को शराब के नशे में घर में घुसकर मारपीट कर जख्मी करने का आरोप लगाकर धनेश्वरी देवी ने तेजनारायण चौधरी, कपिल चौधरी, खुशबू देवी सहित दस पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसी केस का समझौता करने के लिए धनेश्वरी देवी ने समुखिया मोड़ के बगल ककना गांव स्थित ससुराल में रह रहे कपिल को बीते शुक्रवार फोन कर घर बुलाया गया था।
शुक्रवार दोपहर कपिल कटोरिया पहुंचा था और रात में खाना खाकर सोने गया। आधी रात को पत्नी ने कपिल को घर में नहीं पाकर परिजनों को जानकारी दी। परिजनों ने अगल-बगल खोजबीन की तो उसका शव घर के पीछे खाली जमीन पर पड़ा मिला। मृतक के गले में निशान था। इसके अलावा उसके आंख और सिर पर जख्म के निशान मौजूद थे। परिजनों ने रात को ही पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। वहीं घटना को लेकर परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी खुशबू अपने तीन अबोध बच्चों को गोद लेकर रो रोकर बेहाल हो रही है। धनेश्वरी देवी और कपिल चौधरी के बीच गली को लेकर विवाद चल रहा था, जिसमें CO द्वारा विवादित जमीन की मापी कराई जानी थी।