राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सोमवार को अपना 25 वां स्थापना दिवस मना रही है। सिल्वर जुबली समारोह में राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं को लालू प्रसाद ने 30 मिनट तक संबोधित किया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि तेजस्वी और राबड़ी नहीं होते तो मैं रांची में ही खत्म हो जाता। वहीं, जनता से वादा करते हुए कहा कि जल्द पटना आऊंगा और सभी से मुलाकात करूंगा। RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद ने केंद्र और नीतीश सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मेरा राज जंगलराज नहीं, गरीबों का राज था। चुनावों के दौरान जेल में रहने का मलाल भी लालू के संदेश में झलका। उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव के दौरान जेल में था। हम तड़पते रहे गए, बाहर नहीं आ सके, इसका मलाल है। तेजस्वी से बात होती रहती थी।
उन्होंने यह भी कहा कि तेजस्वी को चिंता नहीं करनी चाहिए। राजद का भविष्य बहुत उज्ज्वल है। निकट भविष्य में हम देश को आगे बढ़ाएंगे। तेज प्रताप यादव और तेजस्वी की तारीफ करते हुए कहा कि तेज प्रताप ने बहुत अच्छा भाषण दिया। उसकी बातों में दम है। तेजस्वी को बहुत कम उम्र में बिहार ने अपना नेता मान लिया है। वे बहुत बढ़िया काम कर रहे हैं। सरकार पर हमला बोलते हुए कहा- “देश में आर्थिक संकट है। सामाजिक ताना-बाना को खत्म किया जा रहा है। अयोध्या के बाद मथुरा। ये क्या नारा है। देश में क्या चाहते हैं। सत्ता के लिए लोगों को देश में तबाह करना चाहते हैं। जनता दल के सभी कार्यकर्ता सामाजिक ताना-बाना को मजबूत बनिए। संसद भी नहीं चल पाता है। इनको देखना चाहिए। लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि मिट जाएंगे, लेकिन पीछे नहीं हटेंगे।”