
बिहार के कैमूर में रविवार को कर्मनाशा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से 100 से अधिक लोग फंस गए। सभी करकटगढ़ जलप्रपात में पिकनिक मनाने के लिए नदी के दूसरी तरफ गए थे। जलस्तर बढ़ने पर चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में प्रशासन और पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंचे बचाव दल ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर नदी के एक छोर से दूसरी छोर तक रस्सी बांधा। एक-एक करके सभी को रस्सी के सहारे बाहर निकाला गया। रेस्क्यू का वीडियो सामने आया है.
जलप्रपात का कुछ हिस्सा बिहार के कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड की रामगढ़ पंचायत में पड़ता है। वहीं, कुछ हिस्सा यूपी में पड़ता है। रविवार को छुट्टी होने पर काफी संख्या में लोग यहां पर पिकनिक मनाने पहुंचे थे। वे नदी पार करके दूसरी तरफ चले गए। उस समय जलस्तर कम था। अचानक यूपी के ओरवां टाड़ डैम से पानी छोड़े जाने से कर्मनाशा नदी का जलस्तर बढ़ गया।
इसकी वजह से लोग नदी की दूसरी तरफ फंस गए। आसपास के लोगों ने पुलिस और प्रशासन को फोन पर सूचना दी। चैनपुर थाना इंचार्ज यूबी सिंह और प्रशासन के लोग मौके पर पहुंचे। एक सिपाही को डैम पर भेजा गया था, ताकि पानी बंद किया जा सके। फिर रस्सी को नदी के दोनों छोरों को रस्सी से बांधा गया। सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया है।