मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर से जनता दरबार शुरू करने वाले हैं। 12 जुलाई से सीएम नीतीश जनता दरबार की शुरुआत करेंगे। उसके बाद प्रत्येक सोमवार को जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम शुरू किया जाना प्रस्तावित है। कैबिनेट सचिवालय ने 5 जुलाई को तैयारी को लेकर सभी प्रमंडलीय आयुक्त और जिलाधिकारी को पत्र भेजा है। पत्र में कहा गया है कि 12 जुलाई से प्रत्येक सोमवार को जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम शुरू किया जाना प्रस्तावित है। कोविड-19 के मद्देनजर इस कार्यक्रम के संचालन के लिए संचालन प्रक्रिया विकसित की गई है। मुख्य सचिव ने जनता दरबार के संचालन को लेकर आज बैठक की है। बैठक में अपर मुख्य सचिव गृह, डीजीपी एवं मुख्यमंत्री सचिवालय के प्रधान सचिव एवं अन्य अधिकारी भाग लिए ।इसके अलावे इस बैठक में सभी जिलों के डीएम, प्रमंडलीय आयुक्त, आईजी, डीआईजी और एसपी भी जुड़े।
बता दें कि 4 दिन पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सीएम सचिवालय जाकर जनता दरबार स्थल का निरीक्षण भी किया था और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए थे। विधानसभा चुनाव 2020 के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को एक बार फिर से एहसास हुआ कि काफी समय से बंद जनता दरबार को शुरू किया जाए। कई मौकों पर उन्होंने कहा कि एक बार फिर से जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम शुरू करना चाहते हैं। इसी बीच कोरोना महामारी की वजह से तमाम गतिविधियां बंद हो गई। अब जबकि हालात सामान्य हुए हैं तो मुख्यमंत्री ने जनता दरबार शुरू करने का निर्णय लिया है।