
The India Top Desk: बिहार को सड़क निर्माण क्षेत्र में लगातार कई बड़ी सौगात मिल रही है। अब केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने एनएच-319 ए के निर्माण को अपनी हरी झंडी दे दी है। इसके साथ ही अब 45 किमी लंबी मोहनियां-चौसा सड़क का भी निर्माण आसानी से हो पाएगा। इसकी जानकारी बिहार के सड़क निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने दी है।
आपको बता दें कि केंद्रीय मंत्रालय की ओर से सड़क निर्माण के लिए जरूरी लेटर ऑफ अवार्ड जारी कर दिया गया है। इस सड़क के निर्माण में कुल 222.72 करोड़ की लागत लगाई जाएगी। यह सड़क एनएच-2 और एनएच-30 के मोहनियां के पास जंक्शन से निकलेगी। इसके शुरू में लगभग 3 किमी मोहनियां बाइपास का भी निर्माण होना है। इसके बाद मोहनियां- रामगढ़-चौसा सड़क बनाया जाएगा।
इस संदर्भ में बिहार के सड़क निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि बक्सर मोहनियां-चौसा मार्ग का चौसा से बक्सर रोड फोरलेन बनेगा। सड़क निर्माण के लिए जरूरी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बिहार सरकार ने भूमि अधिग्रहण के कार्य में भी गति लाई है। सड़क निर्माण को स्वीकृति देने के लिए नितिन नवीन ने मंत्री ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को धन्यवाद दिया है।