
Desk : बिहार दिवस को लेकर राज्य सरकार जोड़-सोड़ से तैयारी में जुट गई है। बिहार दिवस समारोह (Bihar Diwas Utsav) 22 से 24 मार्च तक मनाया जाएगा। इसके लिए बिहार सरकार के अलग अलग विभागों की ओर से कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जा चुकी है। इस बार समारोह का आयोजन सात निश्चय के तहत युवा शक्ति बिहार की प्रगति थीम पर किया जायेगा। जिसमें मुख्य रूप से शिक्षा विभाग, उद्योग विभाग, कला संस्कृति विभाग, समाज कल्याण और पर्यटन विभाग की ओर से स्टॉल्स लगाया जायेगा।
बिहार दिवस के सफल आयोजन के लिए बिहार म्यूजियम के महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक में कई निर्णय लिए गए। पर्यटन विभाग द्वारा गांधी मैदान के व्यंजन मेला में बिहार के विभिन्न जिलों के फेमस व्यंजन का लोग स्वाद चख सकेंगे।
शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने बताया कि तय किया गया है कि कला, संस्कृति एवं युवा विभाग द्वारा फिल्म फेस्टिवल, प्रदर्शनी, पेंटिंग कार्यशाला, मूर्तिकला, महिला फोक आर्टिस्ट के कलाओं की प्रदर्शनी और स्क्रिप्ट राइटिंग कराई जाएगी। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा विभिन्न पर्यटन स्थल राजगीर स्थित घोड़ाकटोरा, जू सफारी, वाल्मिकी नगर स्थित व्याघ्र अभ्यारण्य, कैमूर के करकटगढ़, रोहतास के तुतला भवानी, अररिया के रानीगंज आदि स्थलों का विद्यालय के बच्चों को भ्रमण कराया जाएगा इसके अतिरिक्त बिहार दिवस के आयोजन के मौके पर तीन दिनों तक पटना जू में स्कूली बच्चों के लिए मुफ्त प्रवेश की व्यवस्था होगी।
यह भी पढ़े: इतिहास: बिहार के फूड फॉर सर्वाइवल यानी लिट्टी-चोखा का बारें में कितना जानते हैं आप?
व्यंजन मेला के साथ उत्पादों को भी प्रदर्शित किया जाएगा
पटना के मंगलतालाब, राजगीर, बोधगया और वैशाली में लेजर शो होगा। राजगीर, नालंदा और बोधगया के निकट के स्कूली बच्चों को इन पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। साथ ही इस मौके पर जीविका द्वारा भी व्यंजन मेला के साथ अपने उत्पादों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। उद्योग विभाग द्वारा सीएम उद्यमी योजना से संबंधित स्टॉल लगाए जाएंगे। साथ ही स्टार्टअप और इंटरप्रेन्योरशिप का प्रदर्शन होगा। स्कूली बच्चों को सुधा के पटना, मुजफ्फरपुर और बरौनी प्लॉट में भ्रमण कराया जाएगा।
कुल मिलाकर कार्यक्रम राज्य के सभी जिलों में आयोजित होगा लेकिन मुख्य कार्यक्रम गांधी मैदान में आयोजित होगा। जहां सांस्कृतिक कार्यक्रम से लेकर सभी विभागों के स्टॉल्स पर बिहार की संस्कृति,परंपरा, कला, परिधान और विकास की गाथा देखने को मिलेगी और बिहार की उपलब्धियों की छटा बिखरेगी। इस दौरान राजधानी के सिनेमाघरों में लोगों को चुनिंदा फिल्में देखने का भी मौका मिलेगा साथ ही स्थानीय और बॉलिउड आर्टिस्ट की प्रस्तुति भी देखने और सुनने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा
बिहार दिवस के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण (वेब कास्टिंग) होगा, सीसीटीवी लगाया जाएगा। बिहार दिवस के मौके पर गांधी मैदान में विभिन्न विभागों के स्टॉल या पवेलियन होंगे जिसमें लोगों को विभाग की योजनाओं की जानकारी मिलेगी। 3 दिनों तक चलने वाले आयोजन में मुफ्त वाई-फाई की सेवा उपलब्ध होगी।