
एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू देश की 15वीं राष्ट्रपति चुन ली गईं हैं. वो देश की पहली आदिवासी और दूसरी महिला राष्ट्रपति बन गई हैं. बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को भारी अंतर से हराया है. सत्तापक्ष और तमाम गैर-एनडीए दलों के अलावा विपक्षी दलों के 17 सांसदों और 126 विधायकों ने पार्टी लाइन से ऊपर उठकर द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में वोटिंग किया. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल का दावा है कि बिहार के भी आठ विधायकों ने द्रौपदी मुर्मू के समर्थन में क्रॉस-वोट किया. जिसको लेकर आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने बीजेपी को जवाब दिया है.
राष्ट्रपति चुनाव में क्रॉस वोटिंग को लेकर आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने कहा कि जो खबर आ रही है विपक्ष का कुछ वोट एनडीए के उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को गया है. पता लगाया जा रहा है कि ये कौन लोग है जिन्होंने उन्हें वोट दिया है. साथ ही उन्होंने कहा कि पहचान तो हो ही जाएगी कौन इस तरह का काम किया है. वहीं बीजेपी कह रही है आरजेडी के आठ विधायकों ने द्रौपदी मुर्मू के समर्थन में क्रॉस-वोट किया है. जिस पर जगदानंद सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि एक दिन हमारे पार्टी का कार्यकर्ता भी बोल रहा था. भाजपा के 10 विधायक हमारे साथ है. बीजेपी के आरोप पर उन्होंने कहा कि जो मन में आएगा सो बोल देगा.
इससे पहले द्रौपदी मुर्मू की जीत पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि बिहार में एक ख़ुशी की बात यह है कि 8 से ज्यादा विधायकों ने द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में वोट देने का काम किया. उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर 133 वोट मिले, 125 हमारे पास क्षमता थी. 26वां वोट सुभाष सिंह नहीं आ पाए थे. वहीं दो वोट रिजेक्ट हुए हैं. उसके बाद भी हमें 133 वोट मिलना यह बताता है कि हमारे विरोधी दल में भी ऐसे बहुत सारे हैं जो विरोधी दल के कार्य से बिल्कुल संतुष्ट नहीं है और द्रौपदी मुर्मू और एनडीए के साथ जाना उन्होंने पसंद किया है.
बता दें कि बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को भारी अंतर से हराकर देश की 15वीं राष्ट्रपति बनी है. राष्ट्रपति चुनाव में कुल 4754 वोट पड़े थे जिसमें से 4701 वैध, 53 अमान्य घोषित कर दिए गए. द्रौपदी मुर्मू को प्रथम वरीयता में वोट 2824 वोट मिले जिनकी वोट वैल्यू 6,768,03 रही, वहीं विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को 1877 वोट मिले, जिनकी वोट वैल्यू 3,801,77 रही