समस्तीपुर में डूबने से 4 बच्चों और उसकी मां की मौत हो गई है। घटना बिथान थाना क्षेत्र के मोरकाही गांव की है। सोमवार देर शाम महिला अपने 2 बेटी और 2 बेटों के साथ घास काटने जा रही थी, तभी सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में उसका एक बच्चा जा गिरा। उसे बचाने के चक्कर में एक के बाद एक सभी डूब गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को बाहर निकाल कर अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने जांच करते हुए सभी को मृत घोषित कर दिया। पानी में डूब रहे बच्चों ने मदद के लिए शोर मचाया, लेकिन जब तक लोग वहां पहुंचते बच्चे डूब चुके थे। मरने वाले की पहचान रामपुकार यादव की पत्नी मोकरी देवी, पुत्री कोमल कुमारी, दौलत कुमारी, पुत्र पंकज कुमार और गोलू कुमार के रूप में हुई है। इस घटना के बाद परिवार में मात्र एक पिता रामपुकार यादव और उसकी वृद्ध मां ही बची है।
चार बच्चों और उसकी मां की मौत की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई है। डबरे के पास लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तैराकों की मदद से सभी बच्चों की लाश को डबरे से बाहर निकला। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सभी बच्चों की लाशों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार महिला अपने चार बच्चों के साथ मवेशी के चारा के लिए घास काटने गई थी, तभी हादसा हुआ। पीड़ित परिवार को 4 लाख का मुआवजा प्रदान किया जाएगा। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया है। गांव में कई जगह ऐसे गड्ढे हैं, जो बरसात के दिनों लबालब हो जाते हैं। लोगों को उसकी गहराई का अंदाजा नहीं लगता है, जिस कारण से लगातार हादसा होता है।