Biharबड़ी खबर ।

रोहतास में बेरोजगार पति से नाखुश थी पत्नी, डिप्रेशन में पति ने जबरन जहर खिलाया, फिर खुद भी खा लिया

रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र के बभनी बाजार में एक पति-पत्नी ने जहर खाकर सुसाइड कर लिया। मृतकों की पहचान बभनी बाजार के रहने वाले ओम प्रकाश पांडे (28 वर्ष) और उनकी पत्नी सलोनी कुमारी (22 वर्ष) के रूप में की गई है। मौत के बाद दोनों का एक ही चिता पर दाह-संस्कार कर दिया गया। सुसाइड से पूरे गांव में गहमागहमी का माहौल है। दंपती की शादी पिछले साल अप्रैल में हुई थी। लड़के के बेरोजगार होने से पत्नी नाखुश थी। इससे लड़का भी डिप्रेशन में था। इसी कारण शुक्रवार देर रात पति ने पहले पत्नी को जहर खिला दिया और इसके बाद खुद भी जहर खा लिया। दोनों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। वहीं, दोनों पक्ष के परिजन जहर खाने की बात से इनकार कर रहे हैं।

गांववालों ने बताया कि ओम प्रकाश पांडे की शादी शिवसागर थाना क्षेत्र के मदैनी गांव की रहने वाली सलोनी के साथ हुई थी। वह गांव में ही रह कर थोड़ी बहुत खेती-बाड़ी का काम करता था। उसकी माली हालात सही नहीं थी। बेरोजगारी को लेकर वह डिप्रेशन में भी रहता था। वहीं, पत्नी भी बेरोजगार लड़के से शादी को लेकर नाखुश थी और वह इस बात को लेकर नाराज भी थी। इसी वजह से वह भी मेंटल स्ट्रेस में थी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात ओम प्रकाश पांडे ने सबसे पहले अपनी पत्नी को जबरदस्ती जहर दिया, उसके बाद खुद जहर खा लिया। पहले पत्नी की मौत हो गई। उसके 1 घंटे बाद पति की मौत हो गई। परिजन जानकारी मिलते ही तुरंत सासाराम स्थित निजी क्लिनिक में ले गए, जहां उनकी मौत हो गई। इसके बाद लड़की पक्ष और लड़के पक्ष के परिजनों ने दोनों का दाह-संस्कार शनिवार सुबह कर दिया।

करगहर थानाध्यक्ष सुशांत सिंह मंडल ने बताया कि कुछ ऐसी जानकारी मिली है और जांच के लिए थाने से पुलिसकर्मी को भेजा गया परंतु परिजनों ने इसे बीमारी से मौत होने की बात बताई। उन्होंने बताया कि जहर खाकर आत्महत्या करने वाली बात ना तो लड़की पक्ष के लोगों ने स्वीकार की और ना ही लड़के पक्ष के लोगों ने ही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button