प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को सुबह 11 बजे मन की बात कार्यक्रम के जरिए देश को संबोधित किया। यह इस रेडियो प्रोग्राम का 79वां एपिसोड रहा। मोदी ने रविवार को ओलिंपिक जाने वाले खिलाड़ियों को चीयर करने की बात कही, तो कारगिल के शहीदों को भी याद किया। उन्होंने आजादी के 75 साल पूरे होने पर नेशन फर्स्ट, ऑलवेज फर्स्ट का नारा भी दिया। साथ ही कहा कि गांधी के भारत छोड़ो अभियान की तर्ज पर देश के लोग भारत जोड़ो अभियान चलाएं।
कार्यक्रम में मोदी ने आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु समेत देशभर में इनोवेटिव काम कर रहे लोगों की तारीफ की। वोकल फॉर लोकल पर जोर देते हुए उन्होंने लोगों से हैंडलूम और खादी का इस्तेमाल करने की अपील की। मोदी ने कहा कि जो देश के लिए तिरंगा उठाता है, ऐसे लोगों की देशभक्ति की भावना हमें जोड़ती है। कल कारगिल विजय दिवस भी है। यह भारत की सेना के शौर्य का प्रतीक है। मैं चाहूंगा कि आप कारगिल की गाथा जरूर पढ़ें। वीरों को नमन करें।