
Nalanda, The India Top: मामला दीपनगर थाना क्षेत्र के शेखोपुर गांव का है, जहां दहेजलोभियों ने गर्भवती महिला को मारपीट कर घर से निकाले जाने की धमकी दी। पीड़िता की पहचान संजीव कुमार की पत्नी ममता देवी के रूप में की जा रही है। पीड़िता ने आरोप लगाया है की उसकी शादी 2020 में हुई थी। पिछले कुछ महीने से पति व्यवसाय के लिए 5 लाख रुपए की मांग कर रहा था। जब मायके वाले ने रुपए देने से मना कर दिया तो पति ने आक्रोश में आकर देवर और गोतनी ने मिलकर छत पर ले जाकर कड़ी धूप में जमकर पीटा।
महिला की इतनी पिटाई की गई कि वह बेहोश होकर गिर पड़ी। उन लोगों की दबंगता के कारण आसपास के लोग भी उसकी सहायता से पीछे हट गए। हैरानी की बात तो यह है कि वह 2 माह की गर्भवती भी है। इसके बावजूद हैवानों ने उसकी पिटाई कर उसे प्रताड़ित किया।
जब मायके वालों को घटना की जानकारी मिली तो वो लोग अपनी बेटी के ससुराल पहुंच गए। साथ ही पुलिस को मामले की सूचना दी गई, जिसके बाद पीड़िता को बिहारशरीफ सदर अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज किया गया। घटना के संदर्भ में थाना अध्यक्ष मोहम्मद मुस्ताक अहमद ने बताया कि पीड़िता द्वारा आवेदन दिया गया है। फिलहाल मामले की तफ्तीश जारी है।