
Patna: बिहार सरकार शराबबंदी कानून को सफल बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। इस बीच, कराए गए एक सर्वे से यह खुलासा हुआ है कि राज्य की 99 प्रतिशत महिलाएं और 92 प्रतिशत पुरूष शराबबंदी के पक्ष में है।
बिहार रुरल लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जीविका), चाणक्य विधि विश्वविद्यालय और पंचायती राज द्वारा संयुक्त रूप से कराए गए सर्वे के मुताबिक बिहार मद्य निषेध और उत्पाद अधिनियम 2016 लागू होने के बाद से अब तक 1.82 करोड़ यानी करीब 96 प्रतिशत लोगों ने शराब पीना छोड़ दिया है।
बताया गया है कि इस सर्वे में 10 लाख से अधिक लोगों से संपर्क किया गया। शराबबंदी सर्वेक्षण के लिए सभी जिलों और सभी प्रखंडों को आधार बनाया गया। इसके लिए जीविका समूह से 10 हजार लोगों का चयन किया गया था। इस दौरान इन्होंने 7968 पंचायतों के लोगों से संपर्क किया।
मद्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन विभाग द्वारा शराबबंदी का आम लोगों पर पड़ने वाले प्रभाव के आकलन के लिए कराए गए सर्वे के विषय में जीविका समूह के कार्यपालक निदेशक राहुल कुमार ने बताया कि शराबबंदी सर्वे से जुड़ी 10 हजार महिलाओं को विशेष प्रशिक्षण दिया गया था।