
द इंडिया टॉप, सेंट्रल डेस्क: राजद नेता तेजस्वी यादव अपनी पार्टी को मजबूत करने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं। इसी बीच उन्होंने मिशन झारखंड शुरू कर दिया है। इसके तहत तेजस्वी यादव 18 और 19 सितंबर को रांची में कैंप कर अपने मिशन की शुरूआत करेंगे। पार्टी की मजबूती को लेकर तेजस्वी यादव ने राजद के कई अन्य नेताओं को भी हिदायत दे दी है।
बताया जा रहा है कि तेजस्वी यादव 18 और 19 सितंबर को रांची में रहेंगे। उन्होंने पहले दिन पार्टी के पदाधिकारियों से लेकर प्रमुख नेताओं के साथ लंबी बैठक करने की तैयारी कर ली है। राजद के प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि बैठक के दूसरे दिन यानी 19 सितंबर को हरमू रोड के कार्निवल हॉल में तेजस्वी यादव का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। तेजस्वी यादव का ऐतिहासिक तरीके से सम्मान करने की तैयारी हो रही है। उनके स्वागत में ढोल- नगाड़ा से लेकर मांदर और छऊ नृत्य का आयोजन होगा। तेजस्वी यादव के झारखण्ड में आगमन को लेकर राजद नेता काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।

तेजस्वी हर महीने करेंगे झारखण्ड का दौरा
आपको बता दें कि झारखंड विधानसभा में राजद के सिर्फ सत्यानंद भोक्ता ही विधायक हैं। झारखंड में राजद की मजबूती अब उतनी नहीं रही है जितना पहले हुआ करती थी। झारखण्ड में राजद की स्थिति चिंताजनक होते जा रही है जिसको लेकर तेजस्वी यादव ने मिशन झारखण्ड शुरू किया है। पिछले महीने झारखंड के राजद नेताओं के साथ लंबी बैठक की थी। इस बैठक में ये फैसला लिया गया था कि तेजस्वी यादव हर महीने में कम से कम दो दिन झारखंड में रहकर पार्टी के संगठन और जनाधार को मजबूत करेंगे। इसको लेकर राजद नेता तेजस्वी यादव पूरी तरह तैयार हो गए हैं और मिशन झारखण्ड की शुरुआत करने जा रहे हैं। अब देखने वाली बात यह होगी कि तेजस्वी यादव के इस फैसले से राजद पर क्या असर पड़ेगा। क्या राजद झारखण्ड में मजबूत होकर उभरेगी या तेजस्वी का प्रयास युहीं बेकार चला जाएगा।