केंद्रीय कैबिनेट का विस्तार बुधवार की शाम हो सकता है। इसमें बिहार से भाजपा के अलावा जदयू और लोजपा के नेता शामिल होंगे। लोजपा से पशुपति कुमार पारस का मंत्री बनना तय है। मंगलवार को चिराग पासवान द्वारा पारस के किए गए पुरजोर विरोध से यह बात और स्पष्ट हुई। भाजपा से पूर्व उपमुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी तथा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ.संजय जायसवाल का नाम रेस में है। इनमें कोई एक मंत्री बनेंगे। सबसे ज्यादा नामों की चर्चा जदयू में है। इसमें जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह के अलावा ललन सिंह, रामनाथ ठाकुर, संतोष कुशवाहा, दुलाल चंद्र गोस्वामी व चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी के नामों की चर्चा है। जदयू को तीन से चार मंत्री पद मिलने की बात है।
केंद्रीय कैबिनेट में जदयू के शामिल होने से जुड़े तमाम सवालों से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यह कहते हुए किनारा कर लिया कि इस बारे में हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह बताएंगे। वही अधिकृत हैं। नीतीश ने कैबिनेट में जदयू के शामिल होने के सवाल पर हामी तो भरी, लेकिन बाकी सभी सवालों के जवाब के लिए आरसीपी सिंह का नाम लिया। यह दिलचस्प राजनीतिक संयोग है कि समता पार्टी/जदयू के सभी अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री रहे। या तो वे पहले अध्यक्ष बने फिर मंत्री या मंत्री रहने के बाद अध्यक्ष बने। ये हैं-जार्ज फर्नांडीस, शरद यादव, नीतीश कुमार। अब आरसीपी सिंह के मंत्री बनने की बात है।