बिहार विधानसभा से बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। विधानसभा के मॉनसूत्र सत्र शुरू होने से पहले अध्यक्ष ने बड़ी कार्रवाई की है। अब तक की मिली जानकारी के अनुसार विपक्षी विधायकों की पिटाई करने वाले दो अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है। जिन अधिकारियों का पिटाई करते वीडियो सामने आया था उन पर कार्रवाई की गई है।
बिहार विधानसभा के अध्यक्ष विजय सिन्हा पूरे मामले पर थोड़ी देर बाद जानकारी सार्वजनिक करेंगे। बता दें कि पिछले बजट सत्र के दौरान 23 मार्च को विधानसभा में विपक्षी सदस्यों के भारी हंगामे के बीच अध्यक्ष ने पटना डीएम-एसपी को बुला लिया था। इस दौरान सदन में पुलिस की इंट्री हुई थी। बाहर से आये अधिकारियों ने अध्यक्ष का घेराव कर रहे विपक्षी विधायकों की पिटाई की थी। वीडियो सामने आने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने जांच के आदेश दिये थे।
तीन महीने बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पत्र लिखकर विस अध्यक्ष से सवाल पूछा था। उन्होंने कहा था कि इतने दिन बाद भी विधायकों की पिटाई करने वाले अधिकारियों पर क्या कार्रवाई हुई। ऐसे में मॉनसून सत्र में सदन में जाने से विपक्षी विधायक डर रहे हैं। हालांकि विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा ने तेजस्वी के पत्र का जवाब दिया था। उन्होंने कहा था कि किसी विधायक को सदन में आने से डरने की जरूरत नहीं है,गलत वाले डरेंगे।