टोक्यो ओलंपिक काउंटडाउन की शुरुआत हो चुकी है। खेलों की इस महाप्रतियोगिता में अपना जलवा दिखाने के लिए भारत के सभी खिलाड़ी तैयार हैं। एक साल देरी से हो रहे इस ओलंपिक में भारत के 126 खिलाड़ी हिस्सा लेने के लिए टोक्यो जा रहे हैं। ये खिलाड़ी 18 खेलों की 69 प्रतिस्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। बता दें कि भारत पहली बार इतनी बड़ी संख्या में अलग-अलग खेलों में भाग लेगा। भारत को इस साल अपने खिलाड़ियों से बड़ी उम्मीदे हैं। वहीं ओलंपिक में भारत के प्रदर्शन की बात करें को तो अब तक हमने कुल 28 मेडल जीते हैं। बता दें कि साल 1900 से 2016 तक भारत ने ओलंपिक में अब तक कुल 28 पदक अपने नाम किए हैं। इनमें नौ गोल्ड, सात सिल्वर और 12 कांस्य यानी ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। भारत ने अब तक के ओलंपिक इतिहास में सबसे ज्यादा मेडल हॉकी में लिए हैं। हमने हॉकी में 11 मेडल जीते हैं- आठ गोल्ड, एक सिल्वर और दो ब्रॉन्ज मेडल। जबकि निशानेबाजी में भारत ने चार पदक जीते हैं। इसके अलावा भारत ने कुश्ती में पांच, बैडमिंटन और मुक्केबाजी में दो-दो तथा टेनिस और वेटलिफ़्टिंग में एक-एक पदक अपने नाम किया है। इस साल भारत बैडमिंटन, कुश्ती, मुक्केबाजी और निशानेबाजी में पदक का प्रबल दावेदार है